" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

महिलाओं को दिखानी होगी ताकत: अन्ना हजारे

प्रख्यात समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि देश में बदलाव के लिए महिलाओं को अपनी पूरी शक्ति के साथ आगे आना होगा। आधी आबादी को अपनी ताकत को पहचानते हुए उसे दिखाना भी होगा। तभी देश से भ्रष्टाचार मिटाया जा सकेगा और बदलाव आएगा। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए 25 मार्च को जंतर-मंतर पर पहुंचने का आह्वान किया।

बुधवार को पतंजलि योगपीठ से दिल्ली लौटते हुए पत्रकारों से बातचीत में अन्ना ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार व अनाचार बढ़ता जा रहा है। देश में इस समय लोकतंत्र की बजाए कुनबातंत्र हावी है। कुछ कुनबे दिल्ली, तो कुछ विभिन्न राज्यों की राजधानी में सक्रिय हैं और अपने हिसाब से देश को चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने जनलोकपाल बिल पर देश के नागरिकों के साथ धोखा किया है।

इसका एकमात्र कारण है कि अगर जन लोकपाल बिल अस्तित्व में आ जाएगा, तो देश को लूटने के लिए भ्रष्टाचार की आंधी चलाने वाले लोग जेल चले जाएंगे। ऐसे ही कुछ लोगों को बचाने के लिए देश व देशवासियों के साथ इतना बड़ा धोखा किया गया। मगर, देश की जनता सरकार को इसकी सजा देगी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में जनता ने यह संकेत भी दे दिए हैं। अब 2014 का इंतजार है। टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार अपने झूठ से जनता को ज्यादा देर बरगला नहीं पाएगी।

आरोप लगाया कि संसद में अमर्यादित व्यवहार करने वाले सांसद खुलेआम संसद का अपमान कर रहे हैं। टीवी पर सबकुछ नजर आ रहा है। मगर, उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय इसी बातों के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर संसद की अवमानना की तलवार चलाई जा रही है। मनीष सिसौदिया ने कहा कि देश जाग गया है। लोगों की आवाज दबाना अब सरकार के लिए इतना आसान नहीं रह गया हे। सरकार को अपने किए हर कृत्य का जवाब जनता को देना ही होगा।
" "