" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

अन्ना के समर्थन में देश के कई हिस्सों में भी हुए आंदोलन

अन्ना के समर्थन में देश भर के लोग सड़कों पर उतरे। सबने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में अन्ना का साथ देने का संकल्प दोहराया। जयपुर, हैदराबाद, पटना, पुणे, हर तरफ एक बार फिर अन्ना के समर्थन में नारे लगे।

अन्ना के सांकेतिक धरने में जयपुर के लोग भी शामिल हुए। यहां के स्टैचू सर्कल में लोगों की भारी भीड़ जुटी। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने साफ कर दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जब तक अन्ना की मुहिम चलती रहेगी, वो हर वक्त उनका साथ देंगे।

हैदराबाद
हैदराबाद के लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। यहां भी लोगों का हुजूम सड़कों पर उतरा। एक बड़े तिरंगे के साथ लोगों ने सड़कों पर मार्च किया। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों में भारी संख्या में आऱटीआई एक्टिविस्ट भी शामिल हुए।

कोलकाता
अन्ना के समर्थन में कोलकाता के लोग भी पीछे नहीं रहे। यहां के महात्मा गांधी रोड इलाके में उनके समर्थन के लिए लोग सामने आए। बकायदा स्टेज बनाकर लोग दिन भर बैठे, देश भक्ति के गीत गाए।

पटना
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस जंग में पटना में भी सांकेतिक धरने का आयोजन किया गया। यहां करगिल चौक में भले ही अन्ना के समर्थकों की संख्या कम रही हो, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

पुणे
पुणे में भी अन्ना के समर्थन में एक सभा का आयोजन किया गया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों ने सुर में सुर मिलाए। और इस लड़ाई में साथ देने का संकल्प लिया।

देश के बाकी हिस्सों का भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। बांदा में लोग अन्ना के समर्थन में अनशन पर बैठे तो कानपुर में भी लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं अन्ना के गांव रालेगन सिद्धि के लोगों ने एक दिन का अनशन किया। कुल मिलाकर अन्ना के सांकेतिक अनशन का देश भर से समर्थन मिला। क्या सरकार इसे देख रही है।
" "