" "

भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत समर्थक

लोकपाल बिल के मुद्दे पर जन संसद में जाएंगे: अन्ना

अन्ना हजारे ने कहा कि लोकपाल बिल के मुद्दे पर वो जनता की संसद में जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2014 के आम चुनाव से पहले मजबूत लोकपाल बिल देश में आए। हमारा आंदोलन किसी पार्टी और पक्ष के समर्थन और खिलाफ में नहीं है। उन्होंने कहा कि 25 मार्च को जंतर-मंतर पर अनशन करेंगे।

अन्ना ने कहा कि वर्तमान लोकपाल बिल भ्रष्टाचार से लड़ने में कारगर नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में भ्रमण कर जनता को इस बारे में बताएंगे। इस देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाले लोगों की हत्या हो रही है। फिर भी सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। सरकार 2014 के चुनाव तक मजबूत लोकपाल नहीं लाती है तो फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान पर फिर से आंदोलन किया जाएगा। जनता फिर से सड़कों पर उतरेगी। सरकार सात राज्यों में हुए चुनाव से सीख ले नहीं तो 2014 के चुनाव में सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोकपाल बनाने पर देश को धोखा दिया है। सरकार का लोकपाल बिल किसी काम का नहीं है।
" "